Welcome to Vishav Sevak   Click to listen highlighted text! Welcome to Vishav Sevak
राजस्थान

राजस्थान: पूर्व BJP सांसद ने मुस्लिम महिलाओं से वापस लिया कंबल, राज्य सरकार करेगी जांच

Sukhbir Singh Jaunapuria News: मुस्लिम महिलाओं से कंबल वापस लिए जाने पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम ने कहा कि वीडियो की जांच की जाएगी.

राजस्थान के टोंक जिले में बीजेपी के पूर्व सांसद सुखवीर जौनपुरिया द्वारा धर्म के आधार पर मुस्लिम महिलाओं से कंबल वापस लिए जाने के कथित मामले की जांच राज्य सरकार करेगी. इसमें सामने आए वीडियो का परीक्षण कराया जाएगा. गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम ने जानकारी देते हुए कहा कि वीडियो की जांच के बाद ही सरकार कोई कार्रवाई करेगी. उनके मुताबिक आजकल AI का जमाना है, ऐसे में वीडियो की पुष्टि होना जरूरी है.

बीजेपी ‘सबका साथ, सबका विकास’ की सोच पर काम करती है

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास’ की सोच पर काम करते हैं और बीजेपी सरकार न तो धार्मिक आधार पर भेदभाव करती है और न ही तुष्टिकरण की राजनीति करती है. हालांकि इस मामले पर सीधे तौर पर स्पष्ट जवाब देने से वे बचते नजर आए. एबीपी न्यूज़ द्वारा प्रतिक्रिया मांगे जाने पर भी वे विस्तार से कुछ कहने के बजाय सवालों को टालते हुए दिखाई दिए.

यह मामला निवाई क्षेत्र के करेड़ा बुजुर्ग गांव का है, जहां रविवार (22 फरवरी) को पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया द्वारा कंबल बाटे जा रहे थे. उस कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय की महिलाएं भी शामिल थी. तभी सांसद सुखबीर सिंह ने कथित तौर पर धर्म के आधार पर भेदभाव किया और उन्हें दिए गए कंबल वापस ले लिए.

‘जो लोग प्रधानमंत्री को गाली देते हैं, उन्हें कंबल नहीं’

कंबल वितरण के वक्त पूर्व सांसद ने एक महिला से नाम पूछा तो, उन्होंने अपना नाम सकुरान खान बताया. इसके बाद सांसद एक दम से बदल गए और मुस्लिम महिला पर भड़क गए. सांसद ने कहा कि ‘जो लोग प्रधानमंत्री को गाली देते हैं, उन्हें कंबल लेने का कोई हक नहीं है.’ इसके बाद उन्होंने महिला को वहां कंबल रखकर एक तरफ हटने को कहा.

अब मुस्लिम महिला का आरोप है कि पहले उसे सम्मान के साथ कंबल दिया गया था, लेकिन बाद ले वापस ले लिया गया. जिससे वे काफी अपमानित हुई हैं. महिला का कहना है कि उन्हें कंबल की जरूरत थी, इसलिए वे कंबल लेने आई थीं. मगर धर्म के आधार पर ऐसा भेदभाव हो रहा है, जो नहीं होना चाहिए.

गृह राज्य मंत्री का बयान शर्मनाक- जूली 

वहीं, कांग्रेस पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया जताई. राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम के बयान को शर्मनाक बताया. उन्होंने कहा कि मंत्री को कार्रवाई करनी चाहिए लेकिन वह वीडियो को एआई से बने होने की आशंका जताते हुए जांच करने की बात कर रहे हैं. उन्हें अपनी पार्टी के पूर्व सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना चाहिए. उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए.

जूली ने सवाल किया कि वीडियो का परीक्षण कितने दिन में हो जाएगा. वीडियो का परीक्षण कराने के बजाय उन्हें अपने पूर्व सांसद से फोन पर बात कर लेनी चाहिए.

जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करे सरकार- रफीक खान

कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक रफीक खान का कहना है कि पार्टी इस मामले को विधानसभा के सदन में उठाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी के दूसरे नेताओं से विचार विमर्श कर दूसरे मुद्दों के साथ ही इस मुद्दे को भी विधानसभा सदन में उठाया जाएगा. सरकार को चाहिए कि वह पूर्व सांसद के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करे. इस मामले में सिर्फ बयानबाजी से काम नहीं चलेगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!